जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व कर-करेत्तर एवं सीएम डैशबोर्ड के संबंध में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

जौनपुर
बतादे कि बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न लंबित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की।
इस दौरान लंबित ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण की स्थिति, ई-परवाना हेतु प्राप्त आवेदनों के तहसीलवार निस्तारण की प्रगति तथा अंश निर्धारण के तहसीलवार प्रकरणों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बड़े बकायेदारों से राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए संबंधित उप जिलाधिकारियों को प्रभावी वसूली कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व देयों की वसूली में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति सुनिश्चित की जाए। बैठक में राजस्व न्यायालयों में विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्रचलित वादों की न्यायालयवार समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने लंबित राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाते हुए नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभागीय प्रगति की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर पोर्टल पर अद्यतन करने के निर्देश दिए। बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, अपर ज़िलाधिकारी भू राजस्व अजय अंबष्ठ, उप जिलाधिकारीगण, तहसीलदार एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




