Welcome to SNS TV   Click to listen highlighted text! Welcome to SNS TV
यूपी

भीषण गर्मी का अलर्ट: हीटवेव/लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी।

संवाददाता: शरीक खान 

रामपुर 

“लू से बचना है तो अपनाएं ये आसान उपाय — सीएमओ की एडवाइजरी जारी” मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 दीपा सिंह ने जनपदवासियों को आगामी दिनों में बढ़ती गर्मी और संभावित हीटवेव/लू को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हीटवेव की तीव्रता विगत वर्ष की अपेक्षा अधिक रहने की संभावना है, ऐसे में सभी को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि घर से बाहर निकलते समय छाता, टोपी या गमछा तथा पर्याप्त पानी अवश्य साथ रखें। हल्के रंग के, ढीले एवं सूती फुल आस्तीन कपड़े पहनें। बाहर कार्य करने वाले व्यक्ति समय-समय पर गीले कपड़े से चेहरा, सिर व गर्दन ढकते रहें।

सीएमओ ने खान-पान को लेकर भी विशेष सलाह देते हुए कहा कि ताजा एवं हल्का भोजन करें तथा खीरा, ककड़ी, तरबूज जैसे मौसमी फल-सब्जियों का अधिक सेवन करें। शरीर में पानी की कमी से बचाव के लिए लस्सी, छाछ, नींबू पानी, नमक-चीनी घोल, आम का पन्ना एवं गन्ने का रस जैसे तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाएं।

उन्होंने बताया कि हीटवेव के लक्षणों में घबराहट, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, मांसपेशियों में ऐंठन, तेज बुखार, पसीना न आना अथवा बेहोशी शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत छांव में आराम करें, कपड़े ढीले करें, ठंडे पानी से शरीर को ठंडा करें और होश में होने पर पानी पिलाएं। आवश्यकता पड़ने पर 108 एम्बुलेंस सेवा का उपयोग करें।

सीएमओ ने विशेष रूप से सलाह दी कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। गहरे रंग एवं गैर-सूती कपड़ों से बचें। अधिक तेल-मसालेदार एवं उच्च प्रोटीन युक्त भोजन सीमित करें। चाय, कॉफी एवं शराब का सेवन न करें, क्योंकि इससे शरीर में पानी की कमी बढ़ सकती है। बिना चिकित्सकीय परामर्श के कोई भी दवा न लें तथा बच्चों एवं पालतू जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें।

उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि इन सावधानियों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिवार को लू के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखें। किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा 108 एम्बुलेंस सेवा से तुरंत संपर्क करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!