परसेंडी की गोडारिया ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार के आरोप, खड़ंजा, तालाब और मिट्टी पटाई के नाम पर सरकारी धन का बंदरबांट।

संवाददाता: ब्यूरो आलोक सिंह
सीतापुर
सीतापुर जनपद के विकासखंड परसेंडी की ग्राम पंचायत गोडारिया में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हरिहरपुर हरद्वारी में सोबरन के मकान तक खड़ंजा निर्माण के नाम पर करीब 70 हजार रुपये का सरकारी भुगतान प्रधान और पंचायत सचिव द्वारा कराया गया, जबकि ग्रामीण राधेश्याम और गोलू का दावा है कि यह खड़ंजा गांव के लोगों ने आपसी सहयोग से स्वयं बनवाया था और ग्राम पंचायत की ओर से कोई सहयोग नहीं मिला।
इतना ही नहीं, तालाबों में पानी भरवाने के नाम पर भी हजारों रुपये का भुगतान किए जाने का आरोप है। हरिहरपुर निवासी रामशरुफ और लेखराम का कहना है कि ग्राम पंचायत के सभी तालाब आज भी सूखे पड़े हैं और कहीं भी पानी नहीं भरवाया गया।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत क्षेत्र के कई सरकारी हैंडपंप खराब पड़े हैं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। वहीं ग्राम लक्ष्मणपुर में रास्तों की हालत बदहाल है। ग्रामीणों को रोजाना कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीण रामकुमार और रामप्रकाश का आरोप है कि पहले जो खड़ंजा लगाया गया था, उसे भी प्रधान द्वारा उखड़वा लिया गया, जिससे रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया।
इसके अलावा ग्राम पंचायत में मिट्टी पटाई के नाम पर भी सरकारी धन के बंदरबांट का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और सरकारी धन की रिकवरी की मांग की है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इन आरोपों की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।




