काशी से वडनगर तक गूंजी सेवा-संकल्प की गूंज, राजनाथ-योगी समेत दिग्गजों ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं।

संवाददाता: आशीष सिंह
वाराणसी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में “सेवा संकल्प अभियान” का भव्य आयोजन किया गया। रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र, सिगरा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद वाराणसी की कर्मभूमि से गुजरात के वडनगर स्थित प्रधानमंत्री की जन्मभूमि तक जाने वाली बाइक यात्रा को अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 250 बाइकों पर 500 यात्री इस यात्रा में शामिल हुए।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को गंभीरता से सुना जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी कर्मभूमि काशी से जन्मभूमि वडनगर तक की यात्रा दोनों स्थानों को जोड़ने का माध्यम बनेगी। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में निर्यात बढ़ने, युवाओं के कौशल विकास और देशी उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने सहित विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से भारत आज दुनिया के देशों के साथ आत्मविश्वास के साथ संवाद कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि “सेवा संकल्प यात्रा” पूरी ऊर्जा के साथ “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाएगी।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने काशी को प्राचीनता के साथ ऊर्जा की नगरी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए “राइट टाइम, राइट लीडर, राइट वर्क” का उल्लेख किया और यात्रा को ऐतिहासिक बताया।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री दिन-रात कार्य करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री के कार्यों और संकल्पों से सीख लेने की बात कही। केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है।
इससे पूर्व अतिथियों ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन एवं रुद्राभिषेक किया और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहितों, आचार्यों और मंगलाचरण करने वाले बटुकों को अंगवस्त्रम व दक्षिणा देकर सम्मानित किया गया। विश्वनाथ धाम के स्वच्छता प्रहरियों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रद्धालुओं एवं अन्य लोगों की मौजूदगी में केक काटकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया।
रुद्राक्ष परिसर में सूचना विभाग द्वारा “सेवा संकल्प यात्रा अभियान—जनसेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष” विषय पर लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने उद्घाटन कर अवलोकन किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के जीवन एवं सार्वजनिक सेवा से जुड़े सकारात्मक पहलुओं पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर मंत्री अनिल राजभर, रविन्द्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, जेपीएस राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी अश्विनी त्यागी, धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह,डॉ सुनील पटेल त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने किया।




