राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की उठाई मांग।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा रामपुर ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी रामपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शासनादेशों के अनुरूप कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने तथा सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई।
ज्ञापन में परिषद ने प्रमुख रूप से मांग की कि मानव संपदा पोर्टल से संबंधित कार्यों के लिए सभी विभागों में अलग काउंटर/पटल स्थापित किया जाए, जिससे कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके अलावा सभी विभागीय कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाएं समय से दुरुस्त कराने और सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की पेंशन संबंधी औपचारिकताएं समय पर पूरी कराने की भी मांग की गई।
परिषद ने यह भी कहा कि विभिन्न विभागों में कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभागाध्यक्ष नियमित रूप से कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक करें। वहीं जीपीएफ/एनपीएस से संबंधित कटौतियों का समय पर मिलान कर कर्मचारियों को पूरी जानकारी उपलब्ध कराने तथा वेतन भुगतान में किसी प्रकार की देरी न होने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके। ज्ञापन में अन्य कर्मचारी संगठनों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की मांग भी शामिल रही।




