फिरोजपुर ग्राम पंचायत में मजदूरी भुगतान को लेकर सवाल, प्रधान पति और पुत्र के निजी खातों में रकम जाने का आरोप।

संवाददाता: ब्यूरो आलोक सिंह
सीतापुर
विकासखंड हरगांव की ग्राम पंचायत फिरोजपुर में वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान विकास कार्यों के भुगतान को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। आरोप है कि ग्राम पंचायत की ओर से मजदूरी के नाम पर ग्राम प्रधान के पति प्रमोद वर्मा के निजी बैंक खाते में भुगतान किया गया।
वहीं, ग्राम प्रधान के पुत्र देश दीपक वर्मा के निजी खाते में भी वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान मजदूरी के नाम पर धनराशि निकाले जाने का आरोप है।
इसके अलावा ग्राम पंचायत के अभिलेखों में ह्यूम पाइप के नाम पर भी भुगतान किए जाने की बात सामने आई है। इन भुगतानों को लेकर पंचायत की वित्तीय प्रक्रिया और सरकारी धन के इस्तेमाल पर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, निजी खातों में हुए भुगतान और ह्यूम पाइप के नाम पर किए गए भुगतान की वास्तविक स्थिति अभिलेखों और आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। मामले में संबंधित अधिकारियों से जांच कर स्थिति स्पष्ट करने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है।




