आवासीय एथलेटिक्स छात्रावास में चयनित अरविंद ने जनपद का बढ़ाया मान।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
जनपद रामपुर के प्रतिभाशाली युवा एथलीट अरविंद पुत्र श्री बृजलाल, निवासी ग्राम मुड़िया खेड़ा, पोस्ट पटवाई, का चयन खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित आवासीय एथलेटिक्स (बालक) छात्रावास में प्रवेश सत्र 2026-27 के लिए हुआ है। अरविंद की इस उपलब्धि से पूरे जनपद में हर्ष का माहौल है, साथ ही यह रामपुर के लिए गौरव का विषय बन गया है।
अरविंद ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास के बल पर यह महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की है। उनके चयन से क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
अरविंद की सफलता में खेलो इंडिया एथलेटिक्स कोच श्री सौरभ कुमार का विशेष योगदान रहा है। उनके कुशल मार्गदर्शन एवं तकनीकी प्रशिक्षण के परिणामस्वरूप अरविंद ने एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छात्रावास में अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी रामपुर श्री संतोष कुमार ने अरविंद को बधाई देते हुए कहा कि जनपद के खिलाड़ी लगातार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो रामपुर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अरविंद के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
वहीं, खेलो इंडिया एथलेटिक्स कोच श्री सौरभ कुमार ने कहा कि यह सफलता अरविंद की लगन, परिश्रम और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में अरविंद और भी बेहतर प्रदर्शन कर जनपद, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे।




