मड़ियाहूं तहसील समाधान दिवस में पहुंचे 55 प्रार्थना पत्र, 5 का मौके पर हुआ निस्तारण।

मड़ियाहूं ,जौनपुर
तहसील मड़ियाहूं में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 55 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए भेजा गया।
उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, सिंचाई, स्वास्थ्य, पंचायत तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार संदीप कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार कृति शाहिद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




