पीएम मोदी पर टिप्पणी से पिंडरा में नाराजगी, भाजपा नेताओं ने जताया विरोध।

संवाददाता: आशीष सिंह
पिंडरा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं कोलअसला के पूर्व विधायक अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बयान की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ बताया तथा कांग्रेस नेतृत्व से कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा युवा नेता रविशंकर सिंह ने कहा कि आज का युवा देश और समाज का मजबूत आधार स्तंभ है। भारत का युवा हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है और लोकतंत्र में अपने प्रतिनिधियों को आदर्श मानता है। ऐसे में जब कोई नेता सार्वजनिक मंच से अपशब्दों और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करता है तो उसका गलत संदेश समाज में जाता है।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व जब अजय राय अस्वस्थ थे, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक रूप से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की थी, लेकिन अब उसी प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पिंडरा की जनता ऐसे नेताओं को लोकतांत्रिक तरीके से कड़ा जवाब देगी।
भाजपा नेता रजनीकांत मिश्रा ‘बबलू’ ने भी बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि सभ्य समाज में इस प्रकार की टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।
वहीं पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान के खिलाफ नाराजगी प्रकट की।




