दरिंदगी पर पुलिस का शिकंजा: पॉक्सो व दुष्कर्म के आरोपी को किया गया गिरफ्तार।

संवाददाता: खुर्शीद आलम
लखीमपुर-खीरी
लखीमपुर-खीरी जिले में कानून का खौफ खत्म करने वालों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। थाना फूलबेहड़ पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट जैसे संगीन अपराध में वांछित चल रहे आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के सख्त निर्देशों के तहत चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के बीच यह कार्रवाई उस समय हुई, जब आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी धौरहरा के मार्गदर्शन में थाना फूलबेहड़ पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक, मु0अ0सं0 641/2025 में दर्ज इस मामले में आरोपी विनोद पुत्र शिवकुमार, निवासी ग्राम गोड्डापुरवा मजरा बड़ागांव थाना शारदानगर, जनपद खीरी पर बीएनएस की गंभीर धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत आरोप हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में डर और आमजन में विश्वास बढ़ता है। वहीं पुलिस ने साफ किया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई में शामिल टीम उपनिरीक्षक दुर्गेश कुमार शर्मा, कांस्टेबल सचिन कुमार व कांस्टेबल लाखन सिंह की टीम ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया।



