गुरु पूर्णिमा पर संत की समाधि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने टेका मत्था।

संवाददाता: जितेंद्र जायसवाल सपालू
फूलपुर /वाराणसी
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर थाना गांव स्थित स्वामी हरहरानंद आश्रम में बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही संत की समाधि पर दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और दिनभर चले भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान आचार्य प्रमोद सिंह ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गुरु के बिना ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सच्चा गुरु वही है जो अज्ञान का अंधकार दूर कर जीवन को सही दिशा दे। ज्ञान देने वाला कोई भी व्यक्ति गुरु हो सकता है, आवश्यकता केवल ज्ञान ग्रहण करने की सच्ची भावना और संकल्प की होती है।
सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ आश्रम में बनी रही। आश्रम के पुजारी चंद्रभूषण पांडेय ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कराया। भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर पूर्व एमएलसी राजदेव सिंह, अधिवक्ता विनीत कुमार सिंह, तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रीतराज माथुर, पूर्व अध्यक्ष अशोक पांडेय, ग्राम पंचायत रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष राजुकुमार तिवारी, डॉ. शशिकांत सिंह, विजय शंकर पांडेय, मुन्ना सिंह, अनुराग जायसवाल, कुँवर सिंह, सुरेश पांडेय, अंशु सिंह, शिव तिवारी, सर्वेश सिंह, पप्पू गिरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उधर, पिंडरा तहसील परिसर स्थित मौनी बाबा आश्रम, पिंडरा के जगरूदेव आश्रम, करखियांव स्थित राधा स्वामी आश्रम सहित क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक आश्रमों में भी गुरु पूर्णिमा श्रद्धापूर्वक मनाई गई। विभिन्न स्थानों पर भंडारे आयोजित हुए, जहां देर शाम तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा।




