वृक्षारोपण ही पर्यावरण एवं मानव जीवन की रक्षा का एकमात्र उपाय: नरेंद्र कुमार द्विवेदी।

संवाददाता: विकास दत्त मिश्रा
बड़ागांव/ वाराणसी
पर्यावरण की सुरक्षा और मानव सहित सभी जीव-जंतुओं के अस्तित्व की रक्षा के लिए वृक्षारोपण ही एकमात्र सबसे प्रभावी उपाय है। ये बातें आज बाबतपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रांगण में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं गेल इंडिया लिमिटेड के पूर्व उप महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार द्विवेदी ने कहीं।
गंगा समग्र द्वारा ‘एक वृक्ष मां गंगा के नाम’ अभियान की शुरुआत गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर की गई, जो रक्षाबंधन तक पूरे एक महीने तक चलेगा। अभियान के प्रथम दिन विद्यालय परिसर में पीपल, मौलसरी और आम के छायादार व फलदार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गंगा समग्र के सह प्रांत संयोजक दिवाकर द्विवेदी ने जैव विविधता को बनाए रखने के लिए पीपल, पाकर, बरगद, गूलर और नीम जैसे पारंपरिक वृक्षों के रोपण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये वृक्ष न केवल सर्वाधिक ऑक्सीजन का उत्सर्जन करते हैं, बल्कि पक्षियों और अन्य जीवों के लिए भोजन व आश्रय का मुख्य स्रोत भी बनते हैं। उन्होंने समाज के हर व्यक्ति से अपील की कि वे आगे आकर कम से कम एक पेड़ मां गंगा के नाम अवश्य लगाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश दुबे ने की तथा मंच संचालन गंगा समग्र के भाग संयोजक चंद्र प्रकाश ने किया।
इस अवसर पर गंगा समग्र के जिला सहसंयोजक राज नारायण पटेल, जिला शैक्षणिक आयाम प्रमुख जयप्रकाश दुबे, वृक्षारोपण आयाम प्रमुख भगत राम यादव, मीडिया आयाम प्रमुख मनोज पांडेय, हरहुआ खंड के सहसंयोजक दीपक चौहान और वरुणा नदी आयाम प्रमुख आशीष उपस्थित रहे।
साथ ही विद्यालय के शिक्षकगण—रामलोचन पटेल, दुर्गा प्रसाद दुबे, धर्मेंद्र कुमार, सर्वेंद्र कुमार, कृष्ण कुमार, विकास गुप्ता, गीता दुबे, बबीता श्रीवास्तव, जूही तिवारी एवं सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।




