विश्व पर्यावरण दिवस: रामपुर में ’’एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान का शंखनाद, 4.58 लाख पौधरोपण का लक्ष्य।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
शासन के 5 करोड़ रोपण लक्ष्य में रामपुर की बड़ी भागीदारी, ग्राम्य विकास विभाग को सर्वाधिक 2.94 लाख पौधे लगाने की जिम्मेदारी मा0 प्रभारी मंत्री ने सीआरपीएफ कैंपस में किया शुभारंभ, ’’जरूल’’ का पौधा लगाकर दिया संरक्षण का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रामपुर जनपद में प्रकृति के संरक्षण और हरित आवरण को बढ़ाने के लिए एक महाअभियान का आगाज हुआ है। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना और ’’नमामि गंगे’’ के तत्वावधान में ’’एक पेड़ मां के नाम’’ और ’’एक कदम हरित भविष्य के नाम’’ अभियान के तहत जिले भर में कुल 4 लाख 58 हजार पौधे रोपने का विशाल लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रदेश के मा0 पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ में पौधरोपण कर इस महाअभियान का विधिवत शुभारंभ किया। शासन द्वारा प्रदेश भर में एक दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने के तय किए गए वृहद लक्ष्य में रामपुर ने अपनी यह मजबूत भागीदारी दर्ज कराई है।
*अभियान का शुभारंभ और प्रकृति प्रेम का संदेश*
जिले में पर्यावरण को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने के उद्देश्य से मा0 प्रभारी मंत्री ने सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया और ’’जरूल’’ का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट किया कि ’’एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान जनसहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता का एक अत्यंत प्रभावी माध्यम है। उन्होंने जनपदवासियों का आह्वान किया कि पौधरोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनका संरक्षण एवं संवर्धन भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को अपने घरों व आसपास कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
*विभिन्न विभागों को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी*
इस पूरे महाअभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों की फौज मैदान में उतारी गई है। प्रभागीय निदेशक (सामाजिक वानिकी प्रभाग) श्री प्रणव जैन के अनुसार, 4.58 लाख के इस विशाल लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभागवार लक्ष्य तय किए गए हैं। इसमें सबसे बड़ी जिम्मेदारी ग्राम्य विकास विभाग के कंधों पर है, जिन्हें 2 लाख 94 हजार पौधे लगाने हैं। इसके अलावा कृषि विभाग को 74 हजार, उद्यान विभाग को 49 हजार, पंचायतीराज विभाग को 20 हजार और नगर विकास विभाग (समस्त नगर पालिका एवं नगर परिषद) को 3 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य सौंपा गया है। इन सभी विभागों को वन विभाग की पौधशालाओं से निशुल्क पौध उपलब्ध कराए गए हैं, जिसकी प्रति घंटे की रिपोर्टिंग ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
*शासन की व्यापक रणनीति का है हिस्सा*
रामपुर जिले में चलाया जा रहा यह पौधारोपण कार्यक्रम उत्तर प्रदेश शासन की एक बहुत बड़ी और दीर्घकालिक कार्ययोजना का अहम हिस्सा है। मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूरे प्रदेश में 35 करोड़ वृक्षारोपण का महालक्ष्य रखा गया है। इसी 35 करोड़ के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष, केवल विश्व पर्यावरण दिवस के एक ही दिन में पांच करोड़ पौधों का रोपण पूरे राज्य में किया जा रहा है, जिसमें रामपुर जिला अपनी तय 4.58 लाख की हिस्सेदारी पूरी कर रहा है। जिला वृक्षारोपण समिति, रामपुर इस पूरे कार्यक्रम की नोडल एजेंसी के तौर पर काम कर रही है।
*दिग्गजों का जमावड़ा, ’’हर पेड़ एक प्रण’’ का लिया संकल्प*
सीआरपीएफ परिसर में आयोजित इस भव्य पौधरोपण कार्यक्रम में राजनीतिक और प्रशासनिक दिग्गजों का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला। बैनर तले ’’हर पेड़ एक प्रण, हर प्रण एक नई शुरूआत’’ के नारे को चरितार्थ करते हुए मा0 शहर विधायक श्री आकाश सक्सेना, मा0 मिलक-शाहबाद विधायक श्रीमती राजबाला सिंह, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ख्यालीराम लोधी, मा0 भाजपा जिलाध्यक्ष श्री हरीश गंगवार और मा0 जिला प्रभारी चौधरी श्री राजीव वर्मा ने भी पौधे लगाए। प्रशासनिक अमले की ओर से जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीणा, डीआईजी श्री पूर्ण सिंह धर्मशक्तू और मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र सहित अन्य अधिकारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस महायज्ञ में अपनी आहुति दी।




