कृषि विभाग जौनपुर द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत न्यूट्री सीरियल्स (मिलेट्स) घटक योजना के तहत जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

संवाददाता: आशीष सिंह
मड़ियाहूँ/जौनपुर
आज कृषि विभाग जौनपुर द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत न्यूट्री सीरियल्स (मिलेट्स) घटक योजना के तहत जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में मड़ियाहूँ नगर में आयोजित रोड शो का शुभारम्भ मड़ियाहूँ विधायक डॉ. आर. के. पटेल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को मोटे अनाज यानी मिलेट्स के पोषण महत्व और उनके उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
रोड शो के दौरान विभिन्न जागरूकता रथों के माध्यम से मिलेट्स जैसे ज्वार, बाजरा, रागी आदि के फायदे बताए गए। वक्ताओं ने कहा कि मिलेट्स न केवल स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह फसलें कम पानी में भी आसानी से उगाई जा सकती हैं, जिससे जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
विधायक डॉ. पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि मिलेट्स को अपनाकर हम स्वस्थ जीवनशैली की ओर कदम बढ़ा सकते हैं और साथ ही किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बना सकते हैं। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




