काशी को ₹25,000 करोड़ की मेगा सड़क परियोजना की सौगात, पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने जताया आभार।

संवाददाता: आशीष सिंह
वाराणसी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी को केंद्र सरकार की ओर से बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। करीब ₹25,000 करोड़ की लागत से 89 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड नेटवर्क, गंगा कॉरिडोर और वरुणा कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी मिलने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। इस परियोजना से एयरपोर्ट से शहर तक तेज़ और सुगम कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी, वहीं काशी विश्वनाथ धाम, नमो घाट सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी। ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आने के साथ पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नया बल मिलेगा।
पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने इस ऐतिहासिक निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना काशी के समग्र विकास को नई गति देगी और पूरे वाराणसी क्षेत्र के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। विधायक ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित काशी की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे भविष्य में शहर की आधारभूत संरचना और अधिक सुदृढ़ होगी।




