पुलिस मुठभेड़ में शातिर अपराधी घायल होकर गिरफ्तार, साथी फरार।

संवाददाता: निलेश पटेल/दीपक शुक्ला
जौनपुर
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नेवढ़िया एवं थाना जलालपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अपराधी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह जौनपुर के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी के पर्यवेक्षण में थाना नेवढ़िया पुलिस द्वारा 24/25 जून 2026 की रात्रि संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए सीतमसराय की ओर भागने लगे।
थानाध्यक्ष नेवढ़िया ने तत्काल चौकी प्रभारी सीतमसराय, कंट्रोल रूम जौनपुर एवं थाना जलालपुर पुलिस को सूचना देकर घेराबंदी कराई। सूचना के आधार पर थाना जलालपुर प्रभारी एवं चौकी प्रभारी सीतमसराय ने पुलिस बल के साथ आगे के मार्ग पर घेराबंदी कर दी।
अपने को चारों ओर से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पकड़े गए घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम अरविन्द राजभर उर्फ मंगनू उर्फ मेवालाल राजभर निवासी ग्राम जयरामपुर, थाना मड़ियाहूं, जनपद जौनपुर बताया। फरार साथी की पहचान महेश यादव उर्फ छोटू पुत्र समरजीत यादव निवासी महरेवां, थाना जलालपुर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है।
घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल जौनपुर भेजा गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट तथा आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी
एक अवैध तमंचा .315 बोर
दो खोखा कारतूस .315 बोर
एक हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल
गिरफ्तारी करने वाली टीम
थानाध्यक्ष निखिलेश कुमार तिवारी, थाना नेवढ़िया
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह, थाना जलालपुर
उपनिरीक्षक नारद पाल
उपनिरीक्षक शिवभंजन प्रसाद
उपनिरीक्षक सुग्रीव प्रसाद गुप्ता
अन्य पुलिसकर्मी
पुलिस फरार अभियुक्त की तलाश में लगातार दबिश दे रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।




