जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने मड़ियाहूँ तहसील में सुनी जनसमस्याएं, सम्पूर्ण समाधान दिवस में 180 प्रार्थना पत्र प्राप्त, 6 का मौके पर निस्तारण।

संवाददाता: निलेश पटेल/दीपक शुक्ला
मड़ियाहूं /जौनपुर
जनपद जौनपुर की तहसील मड़ियाहूँ में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 180 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 6 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें।
अधिकारियों ने विशेष रूप से महिला अपराध से संबंधित शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र एवं प्रभावी न्याय मिल सके।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नवीन कुमार, तहसीलदार रवी रंजन, नायब तहसीलदार संदीप गुप्ता सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने जनता की समस्याओं के समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।




