प्रभारी मंत्री ने प्रेस संवाद के दौरान गिनाई केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
विकास, विश्वास और जनकल्याण की यात्रा में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री/जनपद के प्रभारी मंत्री श्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में प्रेस संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ।
प्रेस संवाद में मा. मंत्री ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं विकास कार्य तथा जनहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों एवं उपलब्धियों को मीडिया प्रतिनिधियों के समक्ष विस्तार पूर्वक प्रस्तुत किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां प्राप्त की है।
केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला एवं वंचित वर्गों के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजना संचालित की है, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि इसका परिणाम यह है कि बीते वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि तकनीक और डिजिटल गवर्नेंस के माध्यम से सीधे बैंक खातों में लाभ पहुंचाने की व्यवस्था लागू की गई। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कार्यवाहियों ने नए भारत की मजबूत इच्छा शक्ति को प्रदर्शित किया है।
उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण के लिए सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत 58 करोड़ से ज्यादा बैंक खाता खोले गए, जिनमें 32 करोड़ से ज्यादा खाते सिर्फ महिलाओं के हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से भी 58 करोड़ से ज्यादा लोगों को एक मजबूत सुरक्षा कवच दिया गया है। गरीबों के जीवन को आसान बनाने के लिए पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ से भी अधिक परिवारों को पक्के मकान दिए गए। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत अब तक 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर धुएं से आजादी दिलाई गई है। गांव के विकास की बात करते हुए उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत 16 करोड़ से ज्यादा घरों तक नल से साफ पानी पहुंचाया जा चुका है, वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाकर देश में स्वच्छता की एक नई क्रांति लाई गई है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना एवं अन्य कृषि योजनाओं का व्यापक लाभ दिया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, आयुष्मान भारत योजना, नि:शुल्क राशन वितरण, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।
प्रेस संवाद के दौरान प्रभारी मंत्री ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, आवास, पेयजल, रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय कार्य की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य केवल विकास करना ही नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है।
इस दौरान मिलक विधायक श्रीमती राजबाला, एमएलसी डाॅ. हरि सिंह ढिल्लो, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ख्यालीराम लोधी, जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीणा, मुख्य विकास अधिकारी श्री गुलाब चंद्र जिलाध्यक्ष भाजपा श्री हरीश गंगवार, जिला प्रभारी श्री राजा वर्मा सहित अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी गण व मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।




