शंकरपुर में फर्जी डॉक्टर पर गंभीर आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से की कार्रवाई और जांच की मांग।

संवाददाता: आलोक सिंह
सीतापुर
खैराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर में एक कथित फर्जी डॉक्टर के खिलाफ ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरवेश नामक व्यक्ति बिना मान्य चिकित्सीय डिग्री के वर्षों से क्लिनिक संचालित कर रहा है और स्वयं को डॉक्टर बताकर लोगों का इलाज कर रहा है।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हुई है। इसके बावजूद वह क्षेत्र में अपना क्लिनिक संचालित कर रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि शंकरपुर में सरकारी नवीन परती भूमि पर अवैध कब्जा कर अस्पताल और मकान का निर्माण कराया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच कर राजस्व अभिलेखों का सत्यापन कराने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं राजस्व विभाग से पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।
नोट: यह समाचार ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि संबंधित विभागों की जांच के बाद ही हो सकेगी। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।




