Welcome to SNS TV   Click to listen highlighted text! Welcome to SNS TV
यूपी

जवाहर नवोदय विद्यालय का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश।

संवाददाता: शारिक खान

रामपुर 

बच्चों की सुविधाओं को लेकर गंभीर दिखे जिलाधिकारी, नवोदय विद्यालय का किया गहन निरीक्षण जिलाधिकारी ने बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन, गुणवत्ता और स्वच्छता का लिया जायजा

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने तहसील शाहबाद किरा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, छात्रावास, भोजन, चिकित्सा एवं दवाइयों, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं का विस्तारपूर्वक जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं के साथ संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में उनसे फीडबैक लिया। छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का जायजा लेने के लिए उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर विद्यालय में तैयार भोजन ग्रहण किया तथा भोजन की गुणवत्ता का स्वयं परीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार समय से गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए विद्यालय स्टाफ द्वारा विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्या से अवगत कराए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड को निर्देशित किया कि विद्यालय में निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर, छात्रावास, शौचालय, किचन, आवासीय भवनों एवं अन्य स्थानों की साफ-सफाई का भी जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि विद्यालय परिसर एवं सभी आवासीय भवनों में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखी जाए। पानी की टंकियों की प्रत्येक माह साफ-सफाई कराई जाए तथा शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। किचन में विशेष स्वच्छता एवं हाइजीन बनाए रखते हुए भोजन की गुणवत्ता पर निरंतर निगरानी रखी जाए।उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध विद्युत उपकरणों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों को सदैव क्रियाशील अवस्था में रखने तथा निष्प्रयोज्य वस्तुओं की नियमानुसार समयबद्ध नीलामी/निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर देते हुए विद्यालय में नियमित रूप से खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी प्रतिभा एवं कौशल विकसित करने के पर्याप्त अवसर प्राप्त हों।

निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा विद्यालय के समस्त स्टाफ के साथ बैठक की गई।

बैठक में निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के हित एवं उनकी सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शासन द्वारा बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जा रही प्रत्येक सुविधा उन्हें समय से एवं गुणवत्तापूर्ण रूप में प्राप्त हो। यह सुनिश्चित करना विद्यालय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!