जौनपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान: विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने किया वृक्षारोपण, जिले में लगे 60 लाख से अधिक पौधे।

संवाददाता: आशीष सिंह
रामपुर /जौनपुर
पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ जनपद जौनपुर में रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के तहत वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। पूरे जिले में 60 लाख 73 हजार 400 पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा किया गया। इसी क्रम में मड़ियाहूँ विधानसभा क्षेत्र के रामपुर विकासखंड अंतर्गत बल्लिपुर ग्राम सभा में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने पौधरोपण कर किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लें, ताकि यह अभियान स्थायी सफलता प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और मातृ सम्मान का अनूठा संदेश देता है।
बल्लिपुर ग्राम सभा में 1100 पौधे रोपे गए, जबकि पूरे जनपद में विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वयंसेवी संगठनों, विद्यालयों तथा ग्रामीणों की भागीदारी से बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और हरियाली बढ़ाने को लेकर लोगों को जागरूक भी किया गया।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी अभिनव सरोज, एडीओ पंचायत आकाश यादव, ग्राम प्रधान राजेश,यादव, प्रदेश सचिव उदय पटेल, योगेंद्र पटेल, चंद्रशेखर पटेल, सुनील यादव, इंद्र कुमार,कल्लू सरोज, रमेश मौर्य, रौशनी जायसवाल, सफाईकर्मी तथा ग्रामसभा के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाई।




