Welcome to SNS TV   Click to listen highlighted text! Welcome to SNS TV
यूपी

विंध्याचल धाम पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, मां विंध्यवासिनी का किया दर्शन-पूजन।

संवाददाता: दिनेश पटेल 

मिर्जापुर 

भाजपा सरकार पर साधा निशाना, 2027 में सपा की जीत का किया दावा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव सोमवार को विंध्याचल धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। उनके साथ पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव, आशीष यादव, विजय मिश्र सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

दोपहर करीब 3:30 बजे कार से मंदिर पहुंचे शिवपाल सिंह यादव का सपा कार्यकर्ताओं ने शंखनाद और जोरदार नारों के बीच स्वागत किया। मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान नेताओं के साथ फोटो खिंचवाने को लेकर कुछ देर धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी रही।

 

मंदिर में तीर्थपुरोहित विजय बाबू मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका दर्शन-पूजन कराया। इसके साथ ही शिवपाल सिंह यादव ने दो दिन पहले वाराणसी से मंगाकर मंदिर में स्थापित किए गए 51 किलोग्राम के नए पीतल के घंटे का भी पूजन किया। तीर्थपुरोहित विजय बाबू मिश्र ने बताया कि वर्ष 2013 में शिवपाल सिंह यादव ने ही मंदिर में 51 किलोग्राम का पीतल का घंटा भेंट किया था, जो समय के साथ फट गया था। उसके स्थान पर नया घंटा स्थापित कराया गया है। शिवपाल यादव ने मां विंध्यवासिनी का दोपहर 12 बजे का विशेष श्रृंगार पूजन भी कराया।

 

दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि “चाहे दिल्ली की सरकार हो या उत्तर प्रदेश की, भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनता पर अत्याचार कर रही है।”

 

उन्होंने लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का उल्लेख करते हुए कहा कि, “वह अत्यंत बुद्धिमान और पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं। वह जनता की बात मजबूती से उठा रहे थे, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय उन पर अत्याचार कर रही है। समाजवादी पार्टी उनके साथ हर स्तर पर खड़ी है।”

 

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर भी शिवपाल यादव ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा, “भगवान राम के मंदिर में चोरी होती है और चोरी कौन कराता है? भारतीय जनता पार्टी कराती है। इससे बड़ा अधर्मी कौन हो सकता है।”

 

वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा, “समाजवादी पार्टी पूरी तरह चुनाव के लिए तैयार है। मैं मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लेने आया हूं। जब मां का आशीर्वाद मिल गया है तो 2027 में समाजवादी पार्टी की जीत निश्चित है।”

शिवपाल सिंह यादव के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए थे। दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं और सपा कार्यकर्ताओं की काफी भीड़ रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!