जनता दर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने सुनी समस्याएं।

संवाददाता: आशीष सिंह
भदोही
मड़ियाहूँ विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने भदोही स्थित जीवनधारा हॉस्पिटल/जनसंपर्क कार्यालय पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में अपने विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर पहुंचे, जहां विधायक ने सभी से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
विधायक डॉ. पटेल ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनका कर्तव्य ही नहीं बल्कि सेवा का संकल्प है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
जनता दर्शन कार्यक्रम में सड़क, बिजली, पानी, पेंशन, आवास, स्वास्थ्य एवं राजस्व संबंधी कई मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने लोगों को आश्वस्त किया कि प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं समर्थक भी उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उन्हें निरंतर जनहित एवं विकास कार्यों के लिए प्रेरित करता है तथा जनसेवा का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।




