सीतापुर: ददवारा पंचायत में विकास कार्यों पर सवाल, कागजों में खर्च लाखों—जमीन पर अधूरा काम

संवाददाता: आलोक सिंह
सीतापुर। जनपद के विकासखंड हरगांव की ग्राम पंचायत ददवारा एक बार फिर सुर्खियों में है, जहां विकास कार्यों को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में सरकारी बजट तो खर्च दिखाया गया, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
शिकायतों के मुताबिक, आरआर सेंटर के निर्माण के लिए धनराशि जारी कर दी गई और कागजों में काम पूरा भी दिखा दिया गया, जबकि मौके पर निर्माण कार्य नजर नहीं आता। वहीं, आरआर सेंटर में नल लगाने के नाम पर भी भुगतान हो चुका है, लेकिन अब तक नल की व्यवस्था नहीं की गई है।
ग्राम बांकीपुर के प्राथमिक विद्यालय में इंटरलॉकिंग का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा गांव में कई अन्य निर्माण कार्य भी अधूरे बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रेम सागर के मकान से कल्लू के मकान तक प्रस्तावित खड़ंजा अधूरा छोड़ दिया गया है। वहीं संतोष के मकान से तालाब तक बनने वाली नाली का निर्माण भी पूरा नहीं किया गया, जिससे जलभराव की समस्या बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, तो बड़े स्तर पर वित्तीय अनियमितता सामने आ सकती है। आरोप यह भी है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की मिलीभगत से यह पूरा खेल किया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।




