शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती बोली– प्रेमी आए बिना नहीं उतरूंगी 3 घंटे से हाईवोल्टेज ड्रामा।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
रामपुर में शादी की मांग को लेकर रामपुर में एक युवती ने ऐसा कदम उठा लिया जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कथित तौर पर प्रेमी के शादी से इनकार करने के बाद युवती गांव के बाहर लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और वहीं बैठ गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी, परिजन और ग्रामीण उसे नीचे उतारने की कोशिश करते रहे, लेकिन युवती अपनी मांग पर अड़ी रही।
युवती ने साफ कहा कि जब तक उसका प्रेमी मौके पर आकर उसे अपने साथ ले जाने की बात नहीं करेगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी। उसने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी ने जबरन ऊपर आने की कोशिश की तो वह टावर से कूद जाएगी।
युवती का कहना है कि उसका क्षेत्र के परम गांव निवासी एक युवक के साथ पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध है। उसके मुताबिक दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत थी लेकिन अब युवक पीछे हट गया है
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन कई घंटे बीतने के बाद भी वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।
युवती के परिजन भी मौके पर पहुंचे और उसे समझाने का प्रयास किया। वहीं पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी है ताकि स्थिति को सामान्य किया जा सके।
घटना के चलते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है। पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं।
ताज़ा जानकारी के मुताबिक लड़की की शर्त को मान लिया गया है और उसे नीचे उतारा लिया गया है।




