कोसी नदी के बढ़े जलस्तर से राजमार्ग टूटा, ग्रामीणों की मदद को आगे आए डीएम अजय द्विवेदी।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
पछियापुरा और चांदपुर के लोगों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
तहसील शाहाबाद क्षेत्र में कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से पछियापुरा और चांदपुर गांव को जोड़ने वाला राजमार्ग क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। मार्ग टूटने से ग्रामीणों के आवागमन पर संकट खड़ा हो गया और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित ग्रामीणों की मदद के लिए तत्काल कदम उठाए हैं।
जिलाधिकारी अजय द्विवेदी के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था कराई गई है, ताकि जलस्तर बढ़ने और मार्ग बाधित होने के कारण किसी ग्रामीण को आवश्यक भोजन एवं पेयजल के लिए परेशान न होना पड़े। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों की जरूरतों पर लगातार नजर रखी जा रही ह जिलाधिकारी अजय द्विवेदी ने बताया कि कोसी नदी के जलस्तर और ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति पर प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। पछियापुरा और चांदपुर गांव के लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित ग्रामीणों तक जरूरत के अनुसार भोजन, पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं पहुंचाई जाएं।
राजमार्ग टूटने के कारण ग्रामीणों के सामने आवागमन की समस्या भी उत्पन्न हुई है। प्रशासन द्वारा स्थिति का जायजा लेते हुए प्रभावित मार्ग और क्षेत्र में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने संकट की घड़ी में प्रशासन द्वारा भोजन-पानी की व्यवस्था कराए जाने को राहत भरा कदम बताया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलस्तर कम होने तक पूरी सतर्कता बरती जाए और ग्रामीणों की सुरक्षा एवं मूलभूत जरूरतों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




