सीतापुर में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, कार्रवाई न होने पर एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार ।

संवाददाता: आलोक सिंह
सीतापुर
सीतापुर में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना की शिकायत महोली थाने में किए जाने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
परिजनों का कहना है कि न्याय की आस में वे लगातार पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। कार्रवाई न होने से नाराज पीड़िता पक्ष गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता के परिवार ने पुलिस पर मामले को गंभीरता से न लेने और अनदेखी करने का आरोप लगाया है। वहीं परिजनों का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
मामला महोली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बाद परिवार को जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।




