प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
प्रदेश सरकार की प्राथमिकताएं सर्वांगीण विकास और सुरक्षा। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
माननीय मंत्री जी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री जी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित टीकाकरण अभियान चलाकर शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था एवं दवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा करते हुए माननीय मंत्री जी ने राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उचित दर विक्रेताओं के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभार्थियों को समय से खाद्यान्न उपलब्ध कराने को कहा। प्रभारी मंत्री ने एलपीजी गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिये।
बैठक में मा. मंत्री ने जिला कृषि अधिकारी को किसानों को समय से उर्वरक एवं उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को जैविक खाद का प्रयोग अधिक से अधिक करने के लिए प्रेरित करें।
पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए मा. मंत्री ने निराश्रित गौवंशों के संरक्षण एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में चारे, पानी एवं चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मा. मंत्री ने मुख्य विकास अधिकारी को नियमित तौर पर गौशालाओं का निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने तथा शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, शिक्षण गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए नियमित तौर पर विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए।
कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मा. मंत्री ने कहा कि सर्वांगीण विकास और सुरक्षा प्रदेश सरकार की दो प्राथमिकताएं हैं।जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी सभी मिलकर कार्य करेंगे तभी विकास संभव है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को प्रत्येक थाना दिवस में जनसुनवाई का फीडबैक प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनसुनवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनमानस के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें। विशेष रूप से महिलाओं को सुरक्षा और संरक्षण दें। महिला अपराध से संबंधित मामलों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही बाल अपराध, साइबर अपराध पर भी कड़ी कार्रवाई की जाये।
प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशानुसार पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आमजन को सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ मिलना चाहिए।
बैठक में शहर विधायक श्री आकाश सक्सेना, मिलक विधायक श्रीमती राजबाला सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ख्यालीराम लोधी, जिलाध्यक्ष भाजपा हरीश गंगवार, जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डाॅ. नितिन मदान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे




