सीतापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7 सीएलए में वांछित 2 आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद।

आलोक सिंह
सीतापुर
जनपद में अपराध नियंत्रण के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 सीएलए में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली नगर थाना क्षेत्र की टीम ने अभियान चलाकर दो वांछित अभियुक्तों—सद्दाम उर्फ हकीक (निवासी भगवानपुर, कोतवाली देहात) और मुजम्मिल (निवासी गोबरेपुरवा, थाना रामकोट)—को गिरफ्तार किया। ये दोनों आरोपी पहले से दर्ज मुकदमे में फरार चल रहे थे।
गिरफ्तारी के दौरान सद्दाम उर्फ हकीक के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वृद्धि करते हुए आयुध अधिनियम की धारा 25(1-बी) और अन्य धाराएं जोड़ी गई हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले भी मारपीट व अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक यज्ञपाल वर्मा सहित गुरजीत सिंह, सुरजीत सिंह और अक्षय कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




