झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज से मरीज की कटी नस, पैर काटने की आई नौबत; थाने में तहरीर के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं।

संवाददाता: राजेश कुमार मंडल प्रभारी
शाहजहाँपुर
बंडा थाना क्षेत्र के रामनगर कॉलोनी निवासी एक युवक ने एक कथित डॉक्टर पर इलाज के नाम पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए बंडा थाना प्रभारी को शिकायती पत्र सौंपा है। पीड़ित का आरोप है कि गलत इलाज के कारण उसकी नस कट गई और अब उसका पैर काटने की नौबत आ गई है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता अमित श्रीवास्तव (पुत्र स्व. श्री धीर श्रीवास्तव) ने बताया कि करीब 25 दिन पहले उन्होंने अपनी भगंदर की बीमारी के इलाज के लिए पूरनपुर रोड स्थित क्लीनिक चलाने वाले ‘डॉक्टर बंगाली’ से संपर्क किया था। कथित डॉक्टर ने 10 दिनों में बीमारी पूरी तरह ठीक करने का दावा किया था।
इलाज के दौरान बरती गई लापरवाही
पीड़ित के अनुसार, 10 दिन बीत जाने के बाद भी जख्म ठीक नहीं हुआ। इसके बाद जब डॉक्टर ने जांच के पास सलाई डाली, तो वहां अंदर ही अंदर एक नया जख्म बन गया। आरोप है कि डॉक्टर बंगाली पीड़ित के घर आकर इलाज करने लगा। इलाज शुरू करते ही डॉक्टर ने लापरवाही से मांस के साथ-साथ जांघ के पास की नस भी काट दी।
खून बहता देख भागा कथित डॉक्टर
नस कटते ही अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया। खून बहता देख कथित डॉक्टर मौके से फरार हो गया। परिजनों ने तुरंत पीड़ित को बरेली के अस्पतालों में भर्ती कराया। दो अस्पतालों से मना किए जाने के बाद तीसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने कड़ी मशक्कत के बाद कटी हुई नस को जोड़ा।
पैर काटने का खतरा
फिलहाल पीड़ित का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने परिजनों को आगाह किया है कि यदि जख्म ठीक नहीं हुआ तो पीड़ित का पैर भी काटना पड़ सकता है।
पीड़ित अमित श्रीवास्तव ने बंडा थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपी ‘डॉक्टर बंगाली’ के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




