रंगीन म्यूजिकल फाउंटेन व रंग बिरंगी लाइटों से सजेगा लोहिया पर्यावरणीय उद्यान पार्क।

जौनपुर
उद्यान विकास समिति की बैठक उप निदेशक उद्यान वाराणसी मंडल वाराणसी महोदय श्री दिग्विजय भार्गव की अध्यक्षता में कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी जौनपुर के कार्यालय में आयोजित की गई।
बैठक में लोहिया पर्यावरणीय उद्यान पार्क के सौंदर्यीकरण, समुचित विकास, रख-रखाव, स्वच्छता, तथा आगंतुकों के लिए आवश्यक सुविधाओं के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की गयी।
बैठक में निर्णय लिये गये कि लोहिया पार्क के बाहर पार्किंग हेतु एक निश्चित स्थान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व पुलिस की मदद से चिन्हित किया जाए एवं अनाधिकृत पार्क के बाहर खड़े वाहनों को हटाया जाए। पार्क में रंगीन आकर्षक म्यूजिकल फाउंटेन व सेल्फी प्वाइंट बनाया जाए। पार्क की दीवारों पर ऐतिहासिक पेंटिंग करायी जाए। पार्क के बाहर स्ट्रीट लाइट अधिशासी अधिकारी नगर पालिका द्वारा लगवाया जाए। तिरंगे झण्डे का पोल खराब हो रहा है इसकी पेंटिंग का कार्य करा लिया जाए। पार्क में लगे वाटर पाम एवं तिरंगा पोल पर सौन्दर्यीकरण हेतु पिक्सल पट्टा लाइट लगाया जाए। आवश्यकतानुसार जिम व झूले की मरम्मत करा ली जाए।
अध्यक्ष महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि पार्क में आने वाले प्रत्येक आगंतुकों से सुबह व शाम (70 साल से ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों, पत्रकार, राजनेता, दिव्यांग, सेवानिवृत्त सैनिक, माता-पिता के साथ आये 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को छोड़कर) प्रवेश शुल्क अनिवार्य रूप से लिया जाए। नियमित आने वाले आगंतुकों का पास जारी किया जाए। कमेटी की बैठक में जिला उद्यान अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग, क्षेत्राधिकारी नगर के प्रतिनिधि थाना प्रभारी लाइन बाजार, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक व कमेटी के सदस्य श्रीमती अंजना सिंह, अध्यक्ष हिन्दू भगवा वाहिनी व प्रगतिशील कृषक एवं विभागीय कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।




