68,500 शिक्षक भर्ती 2018: ओबीसी अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा, 5% छूट लागू कर नियुक्ति की मांग।

संवाददाता: ब्यूरो आलोक सिंह
सीतापुर
68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2018 के ओबीसी अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी सीतापुर को सौंपकर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति के अनुसार उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट लागू करते हुए शीघ्र नियुक्ति देने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने वर्ष 2018 की सहायक शिक्षक भर्ती में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट देने की संस्तुति शासन को भेजी है। आयोग का कहना है कि वर्ष 2019 और 2021 की शिक्षक भर्ती परीक्षाओं में भी ओबीसी अभ्यर्थियों को यह लाभ दिया गया था, ऐसे में वर्ष 2018 के अभ्यर्थियों को इससे वंचित रखना उचित नहीं है।
अभ्यर्थियों ने मांग की है कि आयोग की संस्तुति के अनुरूप ओबीसी अभ्यर्थियों को 150 में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत अंक पर उत्तीर्ण मानते हुए संशोधित परिणाम जारी किया जाए तथा सफल अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है, जिससे पात्र अभ्यर्थी न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से इस मामले में जल्द निर्णय लेकर नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण कराने की मांग की है।




