वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव को लखनऊ में सम्मान, पूरे कानपुर परिक्षेत्र में अकेले चुने गए ।

संवाददाता: बलवंत यादव
नवागढ़/चंदौली
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश वन विभाग ने लखनऊ मुख्यालय में प्रदेशभर के उत्कृष्ट अधिकारियों को सम्मानित किया। इस गरिमामय समारोह में काशी वन्य जीव प्रभाग, रामनगर के जयमोहनी रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने भी परचम लहराया।
उन्हें वानिकी, वृक्षारोपण, पौधशाला प्रबंधन और वन्यजीव संरक्षण व प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी ने प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया।
कानपुर परिक्षेत्र से अकेले इस सम्मान की सबसे बड़ी बात ये रही कि कानपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी प्रभागों में से अमित श्रीवास्तव अकेले अधिकारी थे जिन्हें मुख्यालय स्तर पर ये सम्मान मिला। लखनऊ में तिरंगे से सजे मंच पर सम्मान ग्रहण करते हुए और मेडल के साथ खिंचवाई गई उनकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।
जयमोहनी रेंज को संभालते ही श्री श्रीवास्तव के सामने सबसे बड़ी चुनौती वनभूमि पर अतिक्रमण की थी। उन्होंने प्रशासनिक समन्वय के साथ लगातार अभियान चलाकर सरकारी वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया
लेकिन यहीं नहीं रुके। खाली कराई गई जमीन पर उन्होंने हजारों पौधों का वृक्षारोपण कराया। साथ ही “रोपण ही नहीं, सुरक्षा भी” की नीति अपनाते हुए पौधों की निगरानी और देखरेख के लिए विशेष प्रबंध किए। स्थानीय लोगों को भी इस कार्य से जोड़कर उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि लगाए गए पौधे सिर्फ कागजों में न रहें। इसी जमीनी कार्य और ठोस परिणामों को देखते हुए प्रदेश मुख्यालय ने उनके प्रयासों को सराहा।
दुर्गम वनांचल में बदलाव की मिसाल
नौगढ़ जैसे संसाधन विहीन और दुर्गम वनांचल क्षेत्र में रहकर जिस लगन और ईमानदारी से अमित श्रीवास्तव ने काम किया है, वह अन्य अधिकारियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने साबित कर दिया कि इच्छाशक्ति हो तो सबसे कठिन इलाके में भी बदलाव लाया जा सकता है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर काशी वन्य जीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर ने श्रीवास्तव को बधाई देते हुए कहा कि इस सम्मान से पूरे काशी डिवीजन का नाम रोशन हुआ है। इस सम्मान से पूरे चंदौली वन विभाग और नौगढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोग इसे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बता रहे हैं।




