एफएमडी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, 45 दिनों तक चलेगा निःशुल्क टीकाकरण कार्यक्रम।

संवाददाता: नीलेश पटेल/दीपक शुक्ला
बरसठी / जौनपुर
पशुओं को खुरपका-मुंहपका (FMD) जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से बुधवार, 22 जुलाई 2026 से निःशुल्क एफएमडी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत क्षेत्र में पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। यह विशेष टीकाकरण अभियान लगातार 45 दिनों तक संचालित होगा।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी जगदीश कुमार, मण्डल अध्यक्ष रमेश मौर्या, डॉ. राम सिंह, डॉ. विकास पटेल, विशाल पैरावेट अंकित, पंकज, वीरेंद्र मौर्य, देवीशंकर दुबे एवं राजेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पशुपालकों को एफएमडी टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि खुरपका-मुंहपका पशुओं में तेजी से फैलने वाली संक्रामक बीमारी है। समय से टीकाकरण कराने से पशुओं को इस बीमारी से बचाने में काफी मदद मिलती है। अभियान के दौरान पशुपालकों से अपील की गई कि वे अपने पशुओं का अनिवार्य रूप से निःशुल्क टीकाकरण कराएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
अधिकारियों एवं पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने कहा कि 45 दिनों तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पशुओं का टीकाकरण कर पशुधन को सुरक्षित रखना और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाना है। अभियान के तहत संबंधित क्षेत्र में टीकाकरण टीमों द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा।




