सीतापुर में हत्या की साजिश नाकाम, फिरौती देकर सुपारी देने वाले समेत 4 गिरफ्तार।

संवाददाता: आलोक सिंह
सीतापुर
जनपद में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली नगर पुलिस एवं स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या की साजिश रचने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी गौरव गुप्ता का मुकेश गुप्ता से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों राजू, अमरजीत और गुड्डू को ढाई लाख रुपये देकर हत्या की साजिश रची। आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए सीतापुर आए थे, लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, एक तमंचा 12 बोर, दो कारतूस, पांच मोबाइल फोन तथा फर्जी नंबर प्लेट लगी एक कार बरामद की गई है।
इस संबंध में कोतवाली नगर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




