बहुप्रतीक्षित होरैया-कुत्तूपुर इटाये संपर्क मार्ग को मिली गति, विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने किया निरीक्षण।

संवाददाता: आशीष सिंह
रामनगर,जौनपुर
मड़ियाहूँ विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग होरैया से कुत्तूपुर इटाये संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी आने से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है। विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने निर्माणाधीन सड़क का भौतिक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और सड़क की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण सामग्री, सड़क की स्थिति और कार्य की प्रगति का बारीकी से निरीक्षण करते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि मड़ियाहूँ विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की गुणवत्ता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। बेहतर सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के साथ ही स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी सुविधाओं तक आसानी से पहुंचने में मदद करती हैं। उन्होंने कहा कि जनसुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए प्रत्येक सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए।
होरैया से कुत्तूपुर इटाये संपर्क मार्ग के निर्माण से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने कार्य में तेजी बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण पूरा करने पर विशेष जोर दिया।




