बारिश में कमजोर हुई पड़ोसी की कच्ची दीवार गिरने से हुआ हादसा, कमरे में सो रहे थे दो लोगों की मौत ।

संवाददाता: राजेश कुमार मंडल प्रभारी
शाहजहांपुर
पुवायां थाना क्षेत्र के मुड़िया कुरमियात गांव में सोमवार सुबह करीब छह बजे दर्दनाक हादसा हो गया। पड़ोसी की कच्ची दीवार मकान के लिंटर पर गिरने से लिंटर भरभराकर नीचे आ गया। मलबे में दबकर चाचा और उनके तीन वर्षीय भतीजे की मौत हो गई, जबकि बच्चे की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे से गांव में अफरा-तफरी मच गई।मृतकों की पहचान 25 वर्षीय राजन और उसके तीन वर्षीय भतीजे आरव के रूप में हुई है। आरव की मां काजल हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के समय राजन, आरव और काजल कमरे में सो रहे थे। मलबा गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए तीनों को मलबे से बाहर निकाला। बताया गया कि पड़ोसी राजाराम के मकान की कच्ची दीवार बारिश के कारण कमजोर हो गई थी। सोमवार सुबह दीवार अचानक ढहकर राजन के मकान के लिंटर पर जा गिरी। दीवार का भार लिंटर सह नहीं सका और वह भी भरभराकर नीचे आ गया। इसके नीचे दबने से राजन और आरव की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर सीओ पुवायां और एसडीएम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। घायल काजल को पहले सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक आर.के रावत ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल महिला को बेहतर उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




