सांसद प्रिया सरोज ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की भेंट, सड़क परियोजनाओं पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा।

मछलीशहर/ जौनपुर
मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज ने संसद भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट कर अपने संसदीय क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सड़क, यातायात और यात्री सुविधाओं से संबंधित कई प्रस्ताव मंत्री के समक्ष रखे।
सांसद ने सेंट्रल रोड फंड (CRF) योजना के अंतर्गत एल.एम. रोड किमी 278 से मुफ्तीगंज–पेसारा मार्ग (लंबाई 10.600 किमी) के निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। प्रस्तावित सड़क का निर्माण लगभग 19.50 करोड़ रुपये की लागत से 7.50 मीटर चौड़ाई में किया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी।
इसके अलावा सांसद ने हौज़ टोल प्लाजा के समीप यात्रियों की सुविधा के लिए फूड कोर्ट, शौचालय एवं विश्राम स्थल विकसित करने का अनुरोध किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग NH–731 एवं NH–56 पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स (दुर्घटना संभावित स्थलों) पर सड़क सुरक्षा उपायों को शीघ्र लागू करने की भी मांग की।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए संबंधित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से मछलीशहर संसदीय क्षेत्र में सड़क संपर्क, यात्री सुविधाओं और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार होगा।




