बनवासी बस्ती में विद्युतीकरण की मांग, विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने दिया कार्रवाई का आश्वासन।

संवाददाता: आशीष सिंह
भदोही
मड़ियाहूँ विधायक डॉ. आर.के. पटेल के भदोही स्थित निजी कार्यालय पर शनिवार को मड़ियाहूँ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा धनेथू में निवास करने वाले बनवासी समाज के लोगों ने मुलाकात कर अपने क्षेत्र में विद्युतीकरण की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को आवेदन पत्र सौंपते हुए बताया कि उनकी बस्ती अब भी बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है, जिससे बच्चों की पढ़ाई, महिलाओं की सुरक्षा और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
विधायक डॉ. पटेल ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अंतिम छोर पर रहने वाले प्रत्येक परिवार तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी गांव या बस्ती को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने का अर्थ केवल विधानसभा में प्रतिनिधित्व करना नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद नागरिक की आवाज को जिम्मेदारी के साथ शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा और सभी पात्र बस्तियों में चरणबद्ध तरीके से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। विधायक ने भरोसा दिलाया कि विद्युतीकरण से जुड़ी प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। इस दौरान बनवासी समाज के लोगों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई। विधायक ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।




