रामपुर में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सतर्क, सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी: जिलाधिकारी अजय द्विवेदी।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी अजय द्विवेदी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, पेयजल की समुचित व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा नगर निकायों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यात्रा मार्गों एवं प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
जिलाधिकारी अजय द्विवेदी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और यात्रा के दौरान सहयोग बनाए रखने की अपील की।




