30वें दीक्षांत समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, डीएम और एसएसपी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण।

जौनपुर
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में 27 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले 30वें दीक्षांत समारोह में महामहिम राज्यपाल, उत्तर प्रदेश के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिलाधिकारी जौनपुर समुअल पाल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, वीवीआईपी के आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वार, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, सुरक्षा उपकरणों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि वीवीआईपी कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इसके पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने सुरक्षा ड्यूटी में लगाए गए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर निर्धारित समय से उपस्थित रहें तथा पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु की जानकारी मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि 30वें दीक्षांत समारोह का आयोजन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।




