सोनम वांगचुक के समर्थन में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंकने पर पुलिस से झड़प; छात्र नेता प्रवीण सिंह गिरफ्तार।

संवाददाता: ब्यूरो चीफ हरिवंश कुमार
बलिया
दिल्ली के जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज और कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को बलिया में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्र नेता प्रवीण सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र टीडी कॉलेज चौराहे पर एकत्र हुए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।प्रदर्शन के दौरान छात्र शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन करने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच पहले से मौजूद कोतवाली पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया। जैसे ही छात्र पुतला लेकर आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें घेर लिया और पुतला छीनने का प्रयास किया।पुलिस और छात्रों के बीच कुछ देर तक तीखी खींचतान और नोकझोंक हुई। एक ओर पुलिस पुतला अपने कब्जे में लेने का प्रयास करती रही, वहीं दूसरी ओर छात्र उसे बचाने के लिए डटे रहे। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छात्र नेता प्रवीण सिंह को हिरासत में ले लिया। उनके साथ प्रदर्शन में अनुराग पटेल, आशीष यादव, दिग्विजय पासवान, मदनी मोरिश समेत कई छात्र नेता और छात्र मौजूद रहे।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना निंदनीय है। उन्होंने दिल्ली में छात्रों पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। वहीं पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शन को आगे बढ़ने से रोक दिया।




