बंद मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल और नकदी बरामद।

संवाददाता: विवेकानंद पटेल
सेवापुरी/ वाराणसी
कपसेठी थाना पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बंद मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का एक मोबाइल फोन और ₹3,900 नकद बरामद किया है। मामले में उनके फरार साथी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, देखभाल क्षेत्र एवं संदिग्ध व्यक्ति-वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम गजेपुर स्थित एक ईंट भट्ठे के सामने से अनुज तिवारी और पार्थ उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अपने साथी सतीश गौड़ निवासी जंसा के साथ मिलकर बंद मकानों और दुकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि 16 जून 2026 को उन्होंने ग्राम सिरीहरा स्थित एक बंद मकान में चोरी कर सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन चोरी किया था। इसके बाद उसी दिन ग्राम लोहराडीह के दो बंद मकानों में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी का सामान सतीश गौड़ बेच देता था और उससे प्राप्त धनराशि तीनों आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के कब्जे से बरामद मोबाइल चोरी की घटना से संबंधित पाया गया, जबकि बरामद नकदी भी चोरी से प्राप्त हिस्से की धनराशि है। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। वहीं, फरार आरोपी सतीश गौड़ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।




