मुसियाना ग्राम पंचायत में विकास कार्यों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, लाखों के भुगतान के बावजूद जमीनी हकीकत उजागर।

संवाददाता: ब्यूरो आलोक सिंह
सीतापुर
सीतापुर जनपद के विकासखंड बेहटा की ग्राम पंचायत मुसियाना में विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का भुगतान तो किया गया, लेकिन अधिकांश कार्य या तो अधूरे हैं या धरातल पर दिखाई ही नहीं देते।
ग्रामीणों के अनुसार हैंडपंप मरम्मत और रीबोर के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन पंचायत में आधा दर्जन से अधिक सरकारी हैंडपंप खराब पड़े हैं। ग्राम सरैया में उत्तम के घर के पास लगा हैंडपंप वर्षों से खराब है। आंगनबाड़ी केंद्र का हैंडपंप बंद पड़ा है। गांव के बाहर रामप्रताप और देवदत्त के घर के पास लगे हैंडपंप उखड़े पड़े हैं। मुसियाना गांव में खेल मैदान के बाहर लगे दोनों हैंडपंप भी खराब हैं, जबकि गांव के बाहर सड़क किनारे लगा हैंडपंप भी बंद पड़ा है। इससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मिट्टी डलवाने के नाम पर हजारों रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन मौके पर कहीं भी मिट्टी डलवाने का कार्य नहीं हुआ। ग्राम सरैया की सड़कों पर कीचड़ और गंदगी फैली हुई है, जबकि स्वच्छता व्यवस्था के नाम पर भी सरकारी धन खर्च किया गया।
आरआर सेंटर की स्थिति भी बदहाल है। सेंटर का गेट टूटा हुआ है और बाउंड्रीवाल के नाम पर धन निकाला गया, लेकिन मौके पर केवल तार लगाए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि आरआर सेंटर में वास्तविक कार्य से अधिक भुगतान किया गया।
इसके अलावा सामुदायिक शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं है, जिससे वह उपयोग के योग्य नहीं रह गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद मूलभूत सुविधाएं बदहाल हैं।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर हैंडपंप मरम्मत, रीबोर, मिट्टी कार्य, स्वच्छता, आरआर सेंटर निर्माण तथा अन्य विकास कार्यों में हुए कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नोट: यह समाचार ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों और मौके पर दिखाई देने वाली स्थिति पर आधारित है। संबंधित ग्राम पंचायत एवं अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।




