निगमायुक्त ने लखेरा मार्ग के सीवर कार्य और निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का किया निरीक्षण सामुदायिक भवन निर्माण में देरी पर नाराजगी, संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश सफाई व्यवस्था में लापरवाही ।

संवाददाता: जिला ब्यूरो सुमित मलिक
कटनी, मध्यप्रदेश
सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर वार्ड दरोगा को फटकार, नागरिक सुविधाओं में सुधार के दिए निर्देश।
नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और स्वच्छता सहित मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित हो। शुक्रवार को क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने अधिकारियों को ये निर्देश देते हुए निर्माण कार्यों की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।
*सामुदायिक भवन में देरी पर जताई नाराजगी*
निगमायुक्त ने विवेकानंद वार्ड स्थित लखेरा खेरमाई मंदिर प्रांगण में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित उपयंत्री से वर्क ऑर्डर और कार्य पूर्णता की निर्धारित तिथि की जानकारी लेते हुए निर्माण में देरी पर नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, भविष्य में निर्मित होने वाले सभी नवीन सामुदायिक भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*सीवर कार्य पूर्ण,शीघ्र कराए मार्ग का डामरीकरण*
लखेरा मार्ग के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने सीवर लाइन विस्तार कार्य की स्थिति की समीक्षा की। संबंधित उपयंत्री ने बताया कि मुख्य मार्ग पर सीवर लाइन का कार्य पूरा हो चुका है। इस पर निगमायुक्त ने सहायक यंत्री अनिल जायसवाल को नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्ग पर शीघ्र डामरीकरण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन सुगम हो सके।
*आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन को व्यवस्थित करने पर जोर*
खेरमाई मंदिर प्रांगण स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 135 और योग भवन का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने बच्चों के बैठने सहित उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आंगनबाड़ी कक्ष छोटा होने और बच्चों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने केंद्र का संचालन योग भवन में व्यवस्थित रूप से करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर और आयुष्मान स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर आसपास की रिक्त भूमि के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
*टंकी की सफाई तिथि अंकित करने के निर्देश*
मंदिर परिसर स्थित संपवेल का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने पुराने संपवेल के समीप उपलब्ध रिक्त स्थान पर लेट-बाथ निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। साथ ही, जलप्रदाय शाखा को संपवेल के पास टंकी की पिछली सफाई की तिथि और आगामी सफाई की निर्धारित तिथि स्पष्ट रूप से अंकित कराने के निर्देश दिए, ताकि सफाई व्यवस्था की नियमितता सुनिश्चित हो सके।
गंदगी मिलने पर वार्ड दरोगा को लगाई फटकार
निरीक्षण के अगले चरण में निगमायुक्त ने वेस्टलैंड के पास स्थित सुलभ शौचालय और आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 138 की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुलभ शौचालय की सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश देते हुए उन्होंने केंद्र और शौचालय के बाहर सार्वजनिक मार्ग पर गंदगी मिलने पर क्षेत्रीय वार्ड दरोगा के प्रति नाराजगी व्यक्त की तथा तत्काल पर्याप्त साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। क्षेत्र में हैंडपंप के पास जलभराव की समस्या के निराकरण के लिए उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव को सोक पिट का निर्माण कराने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान निगमायुक्त ने वार्ड के कचरा संग्रहण वाहन को रोककर सुपरवाइजर से वार्ड में किए जा रहे संग्रहण कार्य एवं वाहन में एकत्रित कचरे को प्लांट भेजने की टाइमिंग की भी जानकारी ली।
इसके अतिरिक्त निगमायुक्त ने उप स्वास्थ्य केंद्र लखेरा का निरीक्षण कर केंद्र के संचालन, चिकित्सक की उपलब्धता तथा परिसर के बाहर नगर निगम से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नियमित निरीक्षण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद एडवोकेट सुरेंद्र गुप्ता, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्र, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल एवं मृदुल श्रीवास्तव, उपयंत्री राज ललित गुमास्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



