किराया विवाद में एक घंटे बंद रही यूनियन बैंक की भवानीगंज शाखा, पुलिस व अधिकारियों के हस्तक्षेप से खुला ताला।

संवाददाता: आशीष सिंह
नेवढ़िया /जौनपुर
नेवढ़िया क्षेत्र स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की भवानीगंज शाखा गुरुवार सुबह किराया विवाद के चलते करीब एक घंटे तक बंद रही। सुबह लगभग 10 बजे भवन स्वामी द्वारा शाखा के मुख्य द्वार पर ताला लगाए जाने से बैंकिंग कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बैंक और भवन स्वामी के बीच लंबे समय से किराया भुगतान तथा भवन अनुबंध (एग्रीमेंट) को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते भवन स्वामी पवन जायसवाल ने गुरुवार सुबह शाखा के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया, जिससे बैंक का संचालन ठप हो गया।
सूचना मिलने पर नेवढ़िया पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के उच्च अधिकारी भी शाखा पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई। पुलिस और बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बातचीत के बाद लगभग 11 बजे शाखा का ताला खोल दिया गया, जिसके बाद बैंक का नियमित संचालन शुरू हो सका।
भवन स्वामी पवन जायसवाल ने आरोप लगाया कि उनके भवन में वर्ष 2006 से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा संचालित हो रही है। उनका कहना है कि वर्ष 2021 के बाद का किराया पिछले पांच वर्षों से लंबित है। उनके अनुसार बैंक से प्रति माह 12 हजार रुपये किराया तय था, जबकि वर्तमान में केवल 6 हजार रुपये प्रतिमाह का भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी जानकारी के बिना बैंक का नया एग्रीमेंट किसी अन्य स्थान पर कर लिया गया। पवन जायसवाल के अनुसार, सोमवार को बैंक में ताला लगाने के बाद बुधवार शाम उनके खाते में बिना पूर्व सूचना के लगभग 1.50 लाख रुपये जमा कर दिए गए।
वहीं शाखा प्रबंधक चंदन सिंह ने इस पूरे मामले पर पत्रकारों से कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
करीब एक घंटे तक बैंक बंद रहने से नकद जमा-निकासी, पासबुक अपडेट सहित अन्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। ताला खुलने के बाद ग्राहकों के कार्य सामान्य रूप से शुरू कराए गए। स्थानीय लोगों ने बैंक और भवन स्वामी के बीच चल रहे विवाद का शीघ्र स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को इस प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




