गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अभियान के तहत एसईसीएल भटगांव क्षेत्र में 29,000 पौधों का वृहद् वृक्षारोपण।

संवाददाता : विनोद गुप्ता
सूरजपुर
हरित भविष्य की दिशा में जनभागीदारी से ऐतिहासिक पहल कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा 21 जुलाई 2026 को एक ही दिन में सर्वाधिक पौधारोपण कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने के उद्देश्य से चलाए गए राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल), भटगांव क्षेत्र में तीन प्रमुख स्थलों पर 29,000 पौधों का वृहद् वृक्षारोपण किया गया।
वृक्षारोपण अभियान में एसईसीएल के अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और हरित भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
कोल इंडिया लिमिटेड के इस महत्वाकांक्षी राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत एसईसीएल के सभी परिचालन क्षेत्रों में एक ही दिन में 3 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इसी कड़ी में भटगांव क्षेत्र द्वारा 29,000 पौधों का सफल वृक्षारोपण कर इस ऐतिहासिक अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।
माननीय केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी की परिकल्पना के अनुरूप आयोजित यह ऐतिहासिक अभियान उत्तरदायी खनन, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति एसईसीएल की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह पहल भारत को अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-संतुलित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




