अधिवक्ताओं ने तहसीलदार के जरिए डीएम को सौंपा ज्ञापन।

संवाददाता : मुबारक अली
आनन्दनगर/ महराजगंज
फरेंदा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा गणेशपुर टोला चनवाचक निवासी राम भवन गुप्ता ( अधिवक्ता )ने तहसील कर्मचारियों पर विपक्षियों से मिलीभगत कर उनकी जमीन पर कब्जा कराने तथा विरोध करने पर उनकी पत्नी और पिता के साथ मारपीट कराने का गंभीर आरोप लगाया है। सोमवार को अधिवक्ताओं के माध्यम से जिलाधिकारी महराजगंज को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। आरोप है कि पड़ोसी राजेश से संबंधित भूमि विवाद का मामला मंडलायुक्त गोरखपुर के यहां विचाराधीन है। इसी दौरान विपक्षी ने प्रभाव का इस्तेमाल कर धारा 24 के तहत आदेश प्राप्त कर लिया। उनका कहना है कि इसी प्रकरण में एसडीएम फरेंदा द्वारा एक ही दिन दो अलग-अलग आदेश जारी किए गए, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है और तहसील प्रशासन अब तक यह स्पष्ट नहीं कर पाया कि कौन-सा आदेश प्रभावी है।
पीड़ित के अनुसार 8 जुलाई को दोपहर करीब एक बजे कानूनगो हल्का लेखपाल तथा अन्य लोग पैमाइश के लिए पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले फरेंदा कोतवाल से विवाद की आशंका जताते हुए पुलिस बल उपलब्ध कराने की बात कही, लेकिन मौके पर बिना पुलिस के ही पहुंच गए।आरोप है कि बिना विधिवत पैमाइश किए उनकी भूमि पर विपक्षी को कब्जा दिलाने का प्रयास किया गया।
राम भवन गुप्ता का कहना है कि जब उनकी पत्नी और पिता ने इसका विरोध किया तो तहसील कर्मचारियों के इशारे पर विपक्षी पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित तहसील कर्मचारियों एवं आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।इस दौरान दौरान अधिवक्ता अजीत मणि त्रिपाठी, अनूप गुप्ता, गंगाराम पासवान, जितेंद्र चौधरी सहित अन्य अधिवक्ता एवं लोग उपस्थित रहे।




