योग सप्ताह के अंतर्गत रंगोली, चित्रकला, योगासन एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन, प्रतिभागी बच्चों को किया गया सम्मानित।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत इस वर्ष निर्धारित थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” के क्रम में आयुष विभाग एवं ग्रीन वर्ल्ड पर्यावरण फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रंगोली, चित्रकला, योगासन एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सिविल लाइंस स्थित श्रीहरि आदर्श धर्मशाला में किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रीन वर्ल्ड पर्यावरण फाउंडेशन की अध्यक्ष नीना साहनी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व एवं इस वर्ष की थीम के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा सभी को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर नगर रामपुर के योग प्रशिक्षक राजीव कुमार ने योगासन प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों को मोबाइल फोन की अपेक्षा योग एवं शारीरिक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से बच्चों की ऊर्जा, एकाग्रता एवं मानसिक क्षमता में वृद्धि होती है, जिससे उनकी पढ़ाई में भी रुचि बढ़ती है।
कार्यक्रम में उपस्थित मास्टर ट्रेनर प्रतीक्षा सक्सेना ने सभी प्रतिभागी बच्चों के प्रयासों एवं रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर योग एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में लगभग 55 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर सरिता सिंघल, रिचा अग्रवाल, सुनीता सिंह, रेनू सक्सेना, शिवानी वर्मा, रमा अग्रवाल, यामिनी गुप्ता, प्रतिभा शर्मा एवं पारुल बंसल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।




