परिवहन विभाग द्वारा चलाये गये प्रवर्तन अभियान में 13 वाहन सीज, 4.35 लाख रुपये का जुर्माना।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी प्रवर्तन हेतु सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एवं यात्रीकर अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से रात्रिकालीन विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान रात्रि 10:30 बजे से प्रातः 4:30 बजे तक विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान ओवरलोड संचालन करते पाए गए 8 वाहनों को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त नियमों का उल्लंघन करने पर 1 बस एवं 1 टैक्सी को भी सीज किया गया। साथ ही टैक्स बकाया पाए जाने पर 3 ट्रकों के विरुद्ध भी सीज की कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 13 वाहनों को सीज किया गया।
प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान विभिन्न अनियमितताओं के लिए कुल 4.35 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। अधिकारियों ने वाहन स्वामियों एवं चालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहन संचालन करने तथा परिवहन एवं यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने की हिदायत दी।
एआरटीओ ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोडिंग, टैक्स चोरी एवं अन्य नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।




